

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। बस्तर जिले के नेशनल हाईवे 30 पर आज तड़के सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से कोंटा जा रही रॉयल ट्रेवल्स की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बस के नीचे दबने से एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से 15 यात्री घायल हुए हैं। घटना के वक्त बस में कुल 34 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
मिली जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की यह यात्री बस रायपुर से सवारियां लेकर कोंटा के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस बस्तर क्षेत्र के बालेंगा कोसा सेंटर के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई। तड़के सुबह हुए इस हादसे के बाद बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। वाहन के पलटने से कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान पदमनी चंद्रवंशी के रूप में हुई है, जो कवर्धा जिले की रहने वाली थीं। पदमनी चंद्रवंशी सुकमा जिले के दोरनापाल में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं और ड्यूटी पर लौट रही थीं। हादसे के दौरान बस पलटने से वे उसके नीचे दब गईं, जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।
हादसे में घायल हुए लगभग 10 से 15 यात्रियों को 108 एम्बुलेंस और स्थानीय लोगों के निजी वाहनों की मदद से तुरंत डिमरापाल अस्पताल (मेकाज, जगदलपुर) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों और पुलिस के मुताबिक, सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।