

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather changes in Chhattisgarh, rain and thunderstorm expected for the next two days
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर समेत बस्तर संभाग के कई इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश, गरज-चमक, तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बिलासपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रायपुर में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शनिवार को राजधानी रायपुर में 62.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बस्तर संभाग के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण, पूर्वी उत्तर प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिम विदर्भ से मन्नार की खाड़ी तक बनी द्रोणिका का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इन सिस्टमों की वजह से लगातार नमी छत्तीसगढ़ तक पहुंच रही है, जिससे बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग ने रायपुर के लिए जारी पूर्वानुमान में कहा है कि सोमवार को शहर में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ तेज हवा और बारिश की संभावना बनी हुई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
हालांकि बारिश और बादलों के बावजूद मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना भी जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय होने लगी हैं, जिसके चलते मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है।