

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Rain brings relief from the heat, with monsoon expected to reach Kerala by May 26.
रायपुर। मानसून आने से पहले ही छत्तीसगढ़ का मौसम पूरी तरह बदल गया है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। आमतौर पर ऐसी स्थिति मानसून के आगमन के बाद बनती है, लेकिन इस वर्ष मई महीने में ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। बीते 15 दिनों से प्रदेश में लगातार बादल और बारिश का दौर जारी है।
शुक्रवार सुबह दर्ज हुई वर्षा
कसडोल – 60 मिमी
कोमाखान – 40 मिमी
गिरौदपुरी – 30 मिमी
बलौदाबाजार – 20 मिमी
भाटापारा – 20 मिमी
कोटा – 20 मिमी
तापमान में गिरावट, जगदलपुर सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान जगदलपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
26 मई तक केरल पहुंच सकता है मानसून
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।
इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। पश्चिमी विक्षोभ भी प्रभावी बना हुआ है। पश्चिम मध्य प्रदेश से उत्तर बांग्लादेश तक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका विस्तारित है।
इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
17 मई के बाद फिर बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 17 मई के बाद प्रदेश में तापमान फिर से बढ़ सकता है।
रायपुर का मौसम रहेगा सुहाना
मौसम विभाग ने रायपुर शहर के लिए जारी पूर्वानुमान में बताया है कि शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।