

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather Update: Weather changes in Chhattisgarh, temperature drops due to heavy storm and rain in many districts including Raipur.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के उत्तरी और मध्य इलाकों में मंगलवार शाम तेज अंधड़ और झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम में आए बदलाव के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल पूरे प्रदेश का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
रायपुर रहा सबसे गर्म, फिर भी तापमान में गिरावट
बीते मंगलवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, बारिश और तेज हवाओं के चलते गर्मी का असर कम महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में पांच दिन तक बारिश के आसार
मौसम विभाग ने दक्षिणी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
कई मौसमी सिस्टम सक्रिय, इसलिए बदला मौसम
मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में मौसम परिवर्तन के पीछे कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। कश्मीर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण मध्य प्रदेश में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण मध्य प्रदेश से बिहार तक द्रोणिका तथा दक्षिण मध्य प्रदेश से मन्नार की खाड़ी तक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका बनी हुई है। इन सभी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक और अंधड़ की स्थिति बन रही है।
आज रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक आज 6 मई को रायपुर शहर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।