

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather changes in Chhattisgarh, rain and strong storm expected for the next 4 days
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
अगले 4 दिनों तक बारिश और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी संभागों में अगले चार दिनों तक एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम?
शुक्रवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।
रायपुर में आज बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
इन मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार, कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर अंदरूनी ओडिशा तक छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण प्रदेश में हल्की बारिश, अंधड़ और वज्रपात की स्थिति बन रही है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है। तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।