

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

shivpuri-bjp-mla-son-dinesh-lodhi-thar-road-accident
शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र में भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी की थार गाड़ी से हुए सड़क हादसे ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह जिम जाते समय दिनेश लोधी ने टीला रोड पर थाने के सामने एक बाइक और पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले बाइक, फिर राहगीरों को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे दिनेश लोधी अपनी थार गाड़ी से पिछोर से करैरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सबसे पहले एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीन युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसके बाद वाहन ने सड़क किनारे पैदल जा रही एक महिला और दो युवतियों को भी चपेट में ले लिया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान संजय परिहार, आशीष परिहार, अंशुल परिहार, सीता वर्मा और पूजा सोनी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को करैरा अस्पताल पहुंचाया गया।
“मैं सायरन बजा रहा था...”
घटना के बाद दिनेश लोधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं- “मैं पीछे से लगातार सायरन और हार्न बजा रहा था, लोग हटे क्यों नहीं।”
वीडियो में मौजूद कुछ लोग उनसे सवाल करते नजर आ रहे हैं कि अगर बाइक सवार लहरा रहे थे तो पैदल चल रहे लोग कैसे चपेट में आ गए।
पीड़ित संजय परिहार की शिकायत पर पुलिस ने दिनेश लोधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर घटना की जांच कर रही है।
मामले पर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा कि यदि उनके बेटे की गलती है तो कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा “विधायक के लिए पुत्र या परिवार बड़ा नहीं होता, जनता सर्वोपरि है। पुलिस प्रशासन से अपेक्षा है कि पीड़ितों को न्याय मिले।”