

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

tmc rebellion 19 mps revolt against mamata banerjee west bengal
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आने का दावा किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 19 सांसदों ने पार्टी से बगावत कर दी है। बताया जा रहा है कि इन सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को हस्ताक्षरयुक्त पत्र सौंपकर अलग गुट बनाने की इच्छा जताई है।
सूत्रों के अनुसार, बागी सांसदों का यह समूह काकोली घोष दस्तिदार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को समर्थन देने की तैयारी में है। इस गुट में सायोनी घोष, शत्रुघ्न सिन्हा, यूसुफ पठान समेत कई प्रमुख सांसदों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, लोकसभा में टीएमसी के कुल 28 सांसद हैं। इनमें से 19 सांसदों के अलग होने के दावे के बाद पार्टी की संसदीय ताकत पर बड़ा असर पड़ सकता है। संसद के दोनों सदनों को मिलाकर टीएमसी के कुल 41 सांसद हैं।
बागी बताए जा रहे सांसदों में काकोली घोष दस्तिदार, जगदीश चंद्र बसुनिया, खलीलुर रहमान, यूसुफ पठान, अबू ताहेर खान, पार्थ भौमिक, बापी हलदार, सायोनी घोष, माला रॉय, मिताली बाग, दीपक अधिकारी (देव), कालीपद सोरेन, जून मालिया, अरूप चक्रवर्ती, डॉ. शर्मिला सरकार, शत्रुघ्न सिन्हा, असित कुमार माल, शताब्दी रॉय और रचना बनर्जी के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
सूत्रों का दावा है कि इस घटनाक्रम के बाद ममता बनर्जी के साथ लोकसभा में केवल 9 सांसद बचे हैं। इनमें अभिषेक बनर्जी, महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद, सौगत रॉय और कल्याण बनर्जी जैसे नेता शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि शताब्दी रॉय का नाम बागी और वफादार दोनों सूचियों में सामने आने से स्थिति को लेकर भ्रम भी बना हुआ है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह दावा सही साबित होता है तो पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद टीएमसी के लिए यह सबसे बड़ा राजनीतिक झटका होगा। बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी पार्टी के शेष सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं तथा आगे की रणनीति पर विचार कर रही हैं।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर टीएमसी नेतृत्व की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं बागी बताए जा रहे सांसदों की ओर से भी सार्वजनिक रूप से कोई पुष्टि नहीं की गई है।