

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vd sharma nephew prashant sharma car accident shivpuri assault extortion allegation
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में सोमवार रात सड़क हादसे के बाद जमकर विवाद हो गया। VD Sharma के भतीजे प्रशांत शर्मा की कार बदरवास थाना क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो वाहन से टकरा गई। हादसे में प्रशांत शर्मा के परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट व जबरन पैसे मांगने के आरोप लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रशांत शर्मा मुरैना में धार्मिक आयोजन में शामिल होकर परिवार के साथ इंदौर लौट रहे थे। सोमवार शाम करीब 6 बजे उनकी कार शिवपुरी-इंदौर हाईवे पर श्रीपुर गांव स्थित आदित्य होटल के पास पहुंची। इसी दौरान होटल संचालक अरुण परिहार की स्कॉर्पियो सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार कार उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सीसीटीवी फुटेज में हादसे की पूरी घटना कैद हुई है। दुर्घटना में प्रशांत शर्मा के बेटे अथर्व के चेहरे पर चोट आई, जबकि पत्नी कृष्णा शर्मा और बेटियां आकांक्षा व अनन्या को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद मामला और ज्यादा गरमा गया। प्रशांत शर्मा ने आरोप लगाया कि होटल संचालक अरुण परिहार, उसके बेटे आदित्य प्रताप सिंह और कुछ अन्य लोगों ने कार क्षतिग्रस्त होने का हवाला देकर 50 हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई और रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
प्रशांत शर्मा की शिकायत पर बदरवास थाना पुलिस ने अरुण परिहार, आदित्य प्रताप सिंह और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी शिखा तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
वहीं होटल संचालक अरुण परिहार ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि हादसे के बाद होटल स्टाफ ने घायलों की मदद की, उन्हें पानी पिलाया और बैठाकर प्राथमिक सहायता दी। उन्होंने दावा किया कि घटना के दौरान किसी प्रकार की मारपीट या पैसों की मांग नहीं की गई।
अरुण परिहार के मुताबिक विवाद उस समय शुरू हुआ जब प्रशांत शर्मा वीडियो बनाने लगे। विरोध करने पर कथित रूप से प्रशांत शर्मा की बेटी ने थप्पड़ मार दिया और मोबाइल छीनने की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।