

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vishnu deo sai attacks congress double standards democracy danger
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस और ‘आईएनडीआईए’ गठबंधन पर तीखा निशाना साधते हुए कहा है कि देश के लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस की दोहरी राजनीति से है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा, विपक्षी नेताओं को जेल में डाला और मीडिया की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाया, वही आज लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। यह कांग्रेस की राजनीतिक अवसरवादिता और दोहरे रवैये को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री बुधवार को जशपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनादेश के प्रति उसके रवैये को उजागर करता है। कांग्रेस ने कई बार संविधान के अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर जनता द्वारा चुनी गई गैर-कांग्रेसी सरकारों को बर्खास्त किया है, ऐसे में उसी पार्टी का लोकतंत्र की दुहाई देना हास्यास्पद है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और ‘आईएनडीआईए’ गठबंधन के नेता चुनावी हार स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हैं। कभी वोट चोरी, कभी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तो कभी ईवीएम और निर्वाचन आयोग को निशाना बनाया जाता है। जब परिणाम पक्ष में आते हैं, तो इन्हीं संस्थाओं पर भरोसा रहता है, लेकिन हार मिलने पर सवाल खड़े किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पदयात्रा के जरिए कांग्रेस की इसी दोहरी राजनीति को जनता के सामने उजागर किया जाएगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य आरोपी सौरभ चंद्रकर को विदेश से लाया गया है और अब सीबीआई पूछताछ करेगी। इससे मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य और अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।
वहीं, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के सौरभ चंद्रकर को हीरो बताने वाले बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे बयान संबंधित नेताओं की सोच को उजागर करते हैं, जिसका आकलन जनता स्वयं कर सकती है।