

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vishnu-deo-sai-man-ki-baat-water-conservation-chhattisgarh
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 132वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह देशभर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है, जिससे समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है।
मुख्यमंत्री साय ने विशेष रूप से कोरिया जिले के किसानों के जल संरक्षण प्रयासों की प्रधानमंत्री द्वारा की गई सराहना को छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश में जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्य अब राष्ट्रीय पहचान बना रहे हैं और अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ‘आवा पानी झोंकी’ जैसे अभिनव मॉडल के माध्यम से किसानों ने अपने खेतों में रिचार्ज तालाब और सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर वर्षा जल के संरक्षण का सराहनीय कार्य किया है। यह पहल जनभागीदारी पर आधारित है और इससे भूजल स्तर में सुधार देखने को मिला है। मुख्यमंत्री ने इसे जल संकट के समाधान की दिशा में एक सशक्त और अनुकरणीय मॉडल बताया।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जल संरक्षण अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। छत्तीसगढ़ में भी इसे जनभागीदारी से जोड़ते हुए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जल संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और इसमें सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मत्स्य उत्पादन में आत्मनिर्भरता, फिटनेस को बढ़ावा, शुगर इंटेक में कमी और खेलों के लिए अनुकूल वातावरण निर्माण जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री के संदेश बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने, युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध प्रयास कर रही है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ युवाओं के लिए नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने पश्चिमी एशिया की परिस्थितियों के संदर्भ में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि देश हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोलियम उत्पादों, रसोई गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार कृष्णा दास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने अंत में कहा कि जनभागीदारी की शक्ति के साथ जल संरक्षण को और मजबूत कर छत्तीसगढ़ को सुरक्षित, समृद्ध और जल-संपन्न भविष्य की ओर ले जाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।