

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vishnu deo sai rudrabhishek kanwar yatra raipur sawan 2026
रायपुर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर रविवार को भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आई। गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान हजारों कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। शिवभक्तों के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
आस्था और समर्पण की अभिव्यक्ति है कांवड़ यात्रा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है। हजारों श्रद्धालु कठिन यात्रा पूरी कर पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने निकलते हैं। यह श्रद्धा और उत्साह सनातन संस्कृति में निहित आस्था की शक्ति को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि गुढ़ियारी के मारुति मंगलम परिसर से हजारों कांवड़िए पवित्र जल लेकर भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए हैं। यह आयोजन केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है।
हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर का विशेष महत्व
मुख्यमंत्री ने महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का प्रमुख केंद्र है। श्रावण मास में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते हैं।

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ते हैं धार्मिक आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सुंदरता और लोक-संस्कृति के साथ-साथ उसकी गहरी आध्यात्मिक परंपराओं से भी है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ हमारी समृद्ध धार्मिक विरासत के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों में समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग एक साथ शामिल होते हैं, जिससे आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और समरसता की भावना मजबूत होती है।

धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर
विष्णु देव साय ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार काम कर रही है। इससे धार्मिक स्थलों को नई पहचान मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख-शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि महादेव की कृपा प्रदेश और प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे तथा हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।