

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: 66th anniversary celebration of Saint Rajaram at Shadani Darbar, grand Kalash Yatra of women power
रायपुर। रायपुर के शदाणी दरबार में शदाणी दरबार वर्सी महोत्सव के तहत संत राजाराम साहेब की 66वीं वर्सी बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। चार दिवसीय इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सेवा कार्यों का भी आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के तीसरे दिन नारी शक्ति ने भव्य कलश यात्रा निकाली, वहीं संत राजाराम की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। इस कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव का समापन शुक्रवार को होगा।
नारी शक्ति की भव्य कलश यात्रा
महोत्सव के दौरान गुरुवार को महिलाओं की अगुवाई में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पीठाधीश्वर संत युधिष्ठिरलाल ने ध्वज दिखाकर यात्रा की शुरुआत की। गुरुमाता दीपिका शदाणी और पावनी शदाणी के नेतृत्व में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर यात्रा में भाग लिया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार कलश यात्रा में शामिल होने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और क्लेश दूर होते हैं। इसी भावना के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं यात्रा में शामिल हुईं। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य अनामिका सिंह, विजेता देवानी, दिव्या जसवानी, अधिवक्ता विश्वदिनी पांडे और खुशी पंजवानी सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।
मेगा हेल्थ कैंप में 3 हजार लोगों की जांच
शदाणी दरबार वर्सी महोत्सव के तहत सेवा कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। दरबार में लगाए गए मेगा मेडिकल कैंप में अब तक 3 हजार से अधिक लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।
दरबार के उदय शदाणी ने बताया कि यहां सोनोग्राफी, एक्स-रे, सीटी स्कैन, डेंटल और कैंसर सहित कई महत्वपूर्ण जांच मुफ्त में की जा रही हैं, जिनके लिए सामान्यतः हजारों रुपये खर्च होते हैं।
जरूरतमंद बच्चों को मिल रही निशुल्क शिक्षा
महोत्सव के तीसरे दिन संत राजाराम की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। इस प्रतिमा को संत राजाराम इंटरमीडिएट स्कूल परिसर में स्थापित किया गया है। दरबार द्वारा संचालित इस संस्थान में 1993 से आसपास के जरूरतमंद परिवारों के करीब 20 हजार बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जा रही है।