

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Major revelation of illegal opium cultivation in Chhattisgarh; action taken in Balrampur and Durg, crops worth crores destroyed; Rajasthan connection also revealed
रायपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला और दुर्ग जिला में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की अफीम की फसल नष्ट की गई है और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में इस पूरे नेटवर्क का राजस्थान कनेक्शन भी सामने आया है।
बलरामपुर में 2 करोड़ की अफीम बरामद, दो गिरफ्तार
बलरामपुर जिले के कोरंधा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के ग्राम खजूरी तुर्रीपानी में खेतों में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापा मारा। मौके से सहादुर नगेशिया (34) और दुईला नगेशिया (40) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने खेत से अफीम के पौधों को जड़, तना, पत्ती, फूल और फल सहित उखाड़कर जब्त किया। जांच में कुल 1883.76 किलोग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
झारखंड सीमा से लगे जंगलों में 1.47 एकड़ में खेती
जिला प्रशासन के अनुसार यह खेती झारखंड सीमा से लगे जंगलों के बीच करीब 1.47 एकड़ भूमि पर की जा रही थी। राजेंद्र कटारा के निर्देश पर राजस्व, पुलिस, वन विभाग और पंचायत की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अब सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
दुर्ग में 8 करोड़ की अफीम नष्ट
वहीं समोदा गांव में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समोदा और झेनझरी गांवों के बीच करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर लगी अफीम की फसल को नष्ट कराया। मौके से हजारों अफीम के पौधे, डोडा और फूल जब्त किए गए हैं। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
राजस्थान से बीज सप्लाई का खुलासा
इस मामले में जांच के दौरान पुलिस ने जोधपुर से अफीम के बीज सप्लाई करने वाले छोटूराम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें अफीम खेती का कथित मास्टरमाइंड विकास बिश्नोई भी शामिल है।
पुलिस रिमांड में पूछताछ जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। विजय अग्रवाल ने कार्रवाई के लिए एसीसीयू, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा-सिरसा की संयुक्त टीम की सराहना की है।
अधिकारियों ने कहा कि, प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।