

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Chhattisgarh: Amit Shah's big statement, said- 'Congress government did not cooperate in Naxal campaign, Bastar will be made the most developed tribal area of the country'
जगदलपुर। अमित शाह की अध्यक्षता में आज बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बस्तर में अब भय का माहौल समाप्त हो चुका है और क्षेत्र पूरी तरह नक्सल मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर को देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। प्रेसवार्ता में विष्णुदेव साय और विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
“नक्सलवाद ने बस्तर के विकास को रोका”
अमित शाह ने कहा कि जब पीछे मुड़कर देखा जाता है तो स्पष्ट होता है कि बस्तर में विकास नहीं पहुंचने का सबसे बड़ा कारण नक्सलवाद था। उन्होंने कहा कि देश के कई क्षेत्र बस्तर से अधिक पिछड़े थे, लेकिन वहां नक्सलवाद नहीं होने के कारण वे धीरे-धीरे आगे बढ़ गए, जबकि बस्तर विकास की दौड़ में पीछे रह गया। उन्होंने कहा कि 19 मई 2026 से बस्तर में समग्र विकास की नई परिकल्पना की शुरुआत हो रही है और अब क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे।
70 कैंप बनेंगे ‘वीर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा’
गृहमंत्री शाह ने बताया कि नक्सल मुक्त होने के बाद बस्तर के 200 में से 70 सुरक्षा कैंपों को ‘वीर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इन सेवा डेरों के माध्यम से सरकार गांव-गांव तक अपनी सेवाएं पहुंचाएगी।
उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में बैंकिंग सुविधा, आधार कार्ड निर्माण, डिजिटल सेवाएं, कौशल प्रशिक्षण, सस्ता राशन, प्राथमिक स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव के पास ही सभी जरूरी सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
महिलाओं को पशुपालन से जोड़ने की योजना
अमित शाह ने कहा कि बस्तर के विकास में महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत आदिवासी महिलाओं को पशुपालन से जोड़ने की योजना बनाई गई है। सरकार महिलाओं को गाय और भैंस उपलब्ध कराएगी और अगले छह महीनों में बस्तर में बड़ा डेयरी नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
सड़क, मोबाइल नेटवर्क और बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार
गृहमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने 20 हजार 557 करोड़ रुपये की लागत से 12 हजार 211 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य पूरा किया है। साथ ही 13 हजार मोबाइल टावर लगाने की योजना बनाई गई है, जिनमें से 5 हजार टावर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगाए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 1804 बैंक शाखाएं, 1321 एटीएम और 800 पोस्ट ऑफिस खोले जा चुके हैं। इसके अलावा 259 एकलव्य स्कूल, 46 आईटीआई और 49 स्किल डेवलपमेंट सेंटर भी स्थापित किए गए हैं, जहां युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
जगदलपुर में बनेगा 240 बिस्तरों का अस्पताल
अमित शाह ने घोषणा की कि जगदलपुर में 240 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल का निर्माण किया जाएगा, जिसका भूमिपूजन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अब बस्तरवासियों को भय में जीने की जरूरत नहीं है और क्षेत्र में विकास का रास्ता पूरी तरह खुल चुका है।
बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक का जिक्र
गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आदिवासी संस्कृति को संरक्षित करने के लिए ‘बस्तर पंडुम’ का आयोजन किया जा रहा है। वहीं युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए ‘बस्तर ओलंपिक’ का आयोजन भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दूसरी बार आयोजित बस्तर ओलंपिक में 3 लाख 64 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें आत्मसमर्पित नक्सली भी शामिल थे।