

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
MP News: Bloody sand mafia in Balaghat; head constable filming video crushed by tractor, condition critical
बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से कानून व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार देर शाम पलाकाथामी इलाके में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर रेत माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। कार्रवाई के दौरान रेत से भरे एक ट्रैक्टर चालक ने ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत फिलहाल बेहद नाजुक बनी हुई है।
वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान अचानक बढ़ा दी ट्रैक्टर की रफ्तार
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि पलाकामथी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले अपने साथी आरक्षक सुनील विश्वकर्मा के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध ट्रैक्टरों की जांच शुरू की।
इसी दौरान प्रधान आरक्षक एक ट्रैक्टर को रोककर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे ताकि अवैध परिवहन के सबूत जुटाए जा सकें। तभी आरोपी चालक ने अचानक ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ाई और वाहन सीधे पुलिसकर्मी की ओर मोड़ दिया। देखते ही देखते भारी ट्रैक्टर उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर गोंदिया रेफर किया गया घायल पुलिसकर्मी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल राजेश्वर राहंगडाले को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए महाराष्ट्र के गोंदिया स्थित यूनाइटेड अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल पुलिसकर्मी को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए प्रशासन ने बालाघाट से गोंदिया तक विशेष ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। पुलिस सुरक्षा के बीच एम्बुलेंस को तेजी से रवाना किया गया। अस्पताल पहुंचे अधिकारियों के अनुसार प्रधान आरक्षक की दो पसलियां टूट चुकी हैं और उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने अगले 72 घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताए हैं।
आरोपी चालक गिरफ्तार, ट्रैक्टर जब्त
घटना के बाद पुलिस विभाग तुरंत एक्शन मोड में आ गया। लालबर्रा थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर मुख्य आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, अवैध रेत उत्खनन और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेत माफिया के बढ़ते आतंक से सहमे लोग
इस घटना ने एक बार फिर बालाघाट जिले में सक्रिय रेत माफिया के बढ़ते प्रभाव और प्रशासनिक चुनौतियों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से नदियों से अवैध रेत उत्खनन जारी है और कार्रवाई करने वाली टीमों पर हमले अब आम हो चुके हैं।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।