

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Chhattisgarh is number one in the country in the Prime Minister's Matru Vandana Yojana, Chief Minister Sai and Minister Rajwada congratulated
रायपुर। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि लेकर आई है। फरवरी 2026 की स्टेट-वाइज राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने बड़े राज्यों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ राज्य ने कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है।
जारी रैंकिंग के अनुसार, राज्य ने योजना के क्रियान्वयन में शानदार प्रदर्शन किया है। छत्तीसगढ़ में 93.37 प्रतिशत नामांकन दर्ज किया गया, जबकि स्वीकृति दर 83.87 प्रतिशत रही। इसके अलावा 93.95 प्रतिशत शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया, जो प्रशासनिक दक्षता और पारदर्शिता को दर्शाता है। 30 दिनों से अधिक लंबित प्रकरणों की दर केवल 7.07 प्रतिशत और लंबित शिकायतों की दर 4.96 प्रतिशत रही। खास बात यह है कि राज्य ने पिछले महीने की तुलना में 6 स्थानों की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया।
मुख्यमंत्री और मंत्री ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना छत्तीसगढ़ में सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने का मजबूत माध्यम बन रही है और यह उपलब्धि राज्य के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व और विभागीय टीम के समन्वय से यह सफलता संभव हो सकी है।
हजारों महिलाओं को मिला योजना का लाभ
वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक राज्य में 1,86,586 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। वहीं सरकार द्वारा 72 करोड़ 24 लाख 89 हजार रुपये की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।