

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Chhattisgarh is reeling under intense heat, with temperatures expected to reach 45°C in Raipur.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस्तर क्षेत्र को छोड़कर लगभग पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। लगातार दूसरे दिन राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को और अधिक गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी करते हुए अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं, जबकि जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर ढककर या छतरी का इस्तेमाल करते नजर आए।
रायपुर में लू का अलर्ट
राजधानी रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 27 अप्रैल को ग्रीष्म लहर (लू) चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दक्षिणी इलाकों में आंशिक राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं का प्रवेश शुरू हो गया है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्व झारखंड और मध्य मध्य प्रदेश में ऊपरी हवा के चक्रीय परिसंचरण सक्रिय हैं। इन सिस्टम्स के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
राजनांदगांव में सबसे ज्यादा गर्मी
राजनांदगांव इस सीजन में सबसे अधिक गर्म शहर बना हुआ है। शनिवार को यहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि एक दिन पहले 44.5 डिग्री था। हालांकि रविवार को मौसम विभाग ने यहां का तापमान जारी नहीं किया।
अन्य शहरों का तापमान
प्रदेश के अन्य शहरों में रविवार को तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया,
रायपुर: 44.2°C
माना एयरपोर्ट: 43.8°C
बिलासपुर: 44.4°C
पेण्ड्रारोड: 42.5°C
अंबिकापुर: 41.5°C
जगदलपुर: 38.1°C
दुर्ग: 43.9°C
कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिल सकती है।