

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: School discipline in question; students brandishing knives in class, minors performing stunts elsewhere; learn the full story.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से स्कूल छात्रों की लापरवाही और खतरनाक हरकतों के वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रायपुर में जहां क्लासरूम के भीतर छात्र चाकू लहराते नजर आए, वहीं बलौदाबाजार और कवर्धा में फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा वाहन स्टंट और नाबालिगों द्वारा कार चलाने के मामले सामने आए हैं।
क्लासरूम में चाकू लहराते छात्र, वीडियो वायरल
राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित मोवा के स्वामी आत्मानंद स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र क्लासरूम के अंदर खुलेआम चाकू लहराते हुए नाचते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कक्षा में मौजूद अन्य छात्र चुपचाप बैठे पढ़ाई करते नजर आए।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि छात्र सोशल मीडिया रील बनाने के उद्देश्य से चाकू लेकर स्कूल पहुंचे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने छात्रों के परिजनों को थाने बुलाकर पूछताछ की और समझाइश दी। घटना के समय कक्षा में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे स्कूल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय ने इसे गंभीर मामला बताते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
फेयरवेल के नाम पर स्टंट, स्कूल परिसर में ट्रैक्टर और कार से एंट्री
बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र स्थित छेछर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सामने आया है। छात्र ट्रैक्टर और कार से स्टंट करते हुए स्कूल परिसर में पहुंचे। यह घटना एक सप्ताह के भीतर सामने आई तीसरी ऐसी घटना बताई जा रही है।
हैरानी की बात यह रही कि प्राचार्य की मौजूदगी के बावजूद छात्र बेखौफ होकर स्टंट करते रहे। इससे पहले कटगी और कसडोल क्षेत्र से भी इसी तरह के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार वायरल हो रहे वीडियो ने स्कूल प्रशासन और अभिभावकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कवर्धा में नाबालिग छात्रों ने चलाई तेज रफ्तार कार
कवर्धा जिले से भी एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें नाबालिग छात्र तेज रफ्तार कार चलाते और दरवाजे से बाहर लटककर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये छात्र फेयरवेल कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे और खुद ही वाहन चलाकर पहुंचे थे।