

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: ACB takes action in Kondagaon; clerk arrested for accepting a bribe of Rs 40,000 in the name of settling a pension case
कोंडागांव। कोंडागांव जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ACB जगदलपुर की टीम ने 6 फरवरी को खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। आरोपी पर सेवानिवृत्त कर्मचारी के पेंशन प्रकरण को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
पेंशन शुरू कराने के लिए मांगी गई थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, मिडिल स्कूल सरपंच पारा, राणापाल में पदस्थ रहे सोनसिंह यादव 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने पेंशन प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार कर विभागीय प्रक्रिया शुरू की थी।
आरोप है कि पेंशन फाइल आगे बढ़ाने के लिए उन्हें बार-बार BEO कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। इसी दौरान कार्यालय में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी ने पेंशन प्रकरण तैयार कर संबंधित विभाग में भेजने के बदले 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। बताया जा रहा है कि बिना रिश्वत दिए काम आगे नहीं बढ़ाने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारी परेशान हो गया।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
रिश्वत मांग से परेशान होकर सोनसिंह यादव ने एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप योजना तैयार की।
रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
पूर्व निर्धारित योजना के तहत 6 फरवरी को जैसे ही बाबू सतीश सोढ़ी ने शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए, ACB टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि भी जब्त कर ली गई है।
आगे की कार्रवाई जारी
ACB अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है।