

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur Crime: Stabbing in a Raipur society, property dealer's son attacked; 5 accused absconding
रायपुर। रायपुर की इंद्रप्रस्थ फेस-2 सोसाइटी में रविवार देर रात गाना बजाने के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर के बेटे पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक के कान के पास गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।
तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, इंद्रप्रस्थ फेस-2 सोसाइटी के डी-ब्लॉक स्थित फ्लैट में प्रॉपर्टी डीलर के बेटे सोजल थावरे और आर्यन थावरे रहते हैं। रविवार शाम उनके फ्लैट में तेज आवाज में गाना बज रहा था। रात करीब 9 बजे दूसरे ब्लॉक में रहने वाले 4-5 लोग वहां पहुंचे और दरवाजा तोड़कर फ्लैट के अंदर घुस गए।
गाली-गलौज के बाद मारपीट और चाकूबाजी
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए गाना बंद करने के लिए कहा। जब युवकों ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे सोजल थावरे के कान के पास गंभीर चोट आई।
जान बचाने के लिए 9वीं मंजिल पर छिपे युवक
हमले के दौरान अपनी जान बचाने के लिए दोनों युवक 9वीं मंजिल पर जाकर छिप गए। इस बीच जब सोसाइटी के अन्य लोग बाहर निकले तो आरोपी उन्हें धमकाते हुए मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद डीडी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवा और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
डीडी नगर थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद सोसाइटी के रहवासियों में दहशत का माहौल है।