

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: Tragedy due to contaminated water in Bhagirathpura, Indore: 15 dead, 203 sick; administration begins ring survey
इंदौर। इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से हुई मौतों का सिलसिला अब भी थम नहीं रहा है। अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 203 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से 25 मरीजों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में उपचार दिया जा रहा है। इस गंभीर घटना ने पूरे प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक तंत्र को झकझोर दिया है।
बड़े पैमाने पर रिंग सर्वे शुरू
घटना के बाद प्रशासन ने भागीरथपुरा और आसपास के क्षेत्रों में रिंग सर्वे शुरू किया है। हॉटस्पॉट के आसपास लगभग 50 घरों का विशेष सर्वे कराया जा रहा है। अब तक 3,679 घरों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। इसके लिए 20 टीमों को तैनात किया गया है, जो घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच और लक्षणों की जानकारी एकत्र कर रही हैं।
सीएम के निर्देश पर कलेक्टर पहुंचे मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही नगर निगम से जुड़ी स्वच्छता संबंधी एनजीओ की टीमें भी भागीरथपुरा में सक्रिय की गई हैं। कलेक्टर स्वयं रिंग सर्वे और स्वास्थ्य जांच की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
पानी के सैंपल में मिले घातक बैक्टीरिया
पानी के सैंपलों की जांच रिपोर्ट में हैजा फैलाने वाले घातक जीवाणुओं की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, दूषित पानी में पांच अलग–अलग प्रकार के खतरनाक बैक्टीरिया पाए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह पानी खासकर कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों और बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
स्थिति पर सतत निगरानी
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उबला हुआ और सुरक्षित पानी ही पीएँ तथा किसी भी लक्षण पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर, दवा वितरण और जल स्रोतों की जांच का कार्य निरंतर जारी है।