

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather Report: Western disturbance will change the weather, rain and hail alert in 21 states, relief expected in Chhattisgarh too.
नई दिल्ली। देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मंगलवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जिसका असर 10 अप्रैल तक बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को इसका प्रभाव चरम पर रहेगा, जिससे देश के 21 राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। कश्मीर में 7 अप्रैल और हिमाचल में 8 अप्रैल को भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। पहाड़ी इलाकों में 10 अप्रैल तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 7-8 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर ओले गिरने की भी चेतावनी दी गई है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी आंधी और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है।
रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश, ओले और तेज हवाओं के कारण गर्मी से राहत मिली है। तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं बिजली गिरने की आशंका भी है।
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ के कापू और पेंड्रारोड में करीब 20-20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। समुद्र से आ रही नमी के कारण प्रदेश में लगातार मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
लगातार हो रही प्री-मानसून बारिश के बीच इस साल मानसून कमजोर रहने की आशंका भी जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जुलाई-अगस्त के दौरान अल नीनो के सक्रिय होने की संभावना 60 से 80 प्रतिशत तक है, जिससे बारिश प्रभावित हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार बार-बार हो रही बारिश से जमीन का तापमान सामान्य से कम हो गया है, जबकि समुद्र का तापमान सामान्य बना हुआ है। यह स्थिति मानसून के लिए अनुकूल नहीं मानी जाती।
मौसम विभाग के अनुसार 11 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर मुख्य रूप से पहाड़ी इलाकों में ही देखने को मिलेगा।