

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

12 years of the Modi government: Confidence returns to the country, cultural consciousness gains new strength along with development
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपने कार्यकाल के 12 साल पूरे कर लिए। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने उनके नेतृत्व को देश के लिए बदलाव का बड़ा दौर बताया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि 26 मई 2014 से शुरू हुआ यह सफर केवल सरकार बदलने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह भारत के आत्मविश्वास की वापसी और सांस्कृतिक जागरण का ऐतिहासिक समय बन गया।
गरीब से लेकर मध्यम वर्ग तक पहुंची योजनाओं की ताकत
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार की योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन में बदलाव का कारण बनीं। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की सोच ने देश की कार्यशैली को नई दिशा दी है।उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना के साथ बनाई गई योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का काम किया। जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण और डिजिटल क्रांति जैसी पहलों ने गरीब वर्ग को नई मजबूती दी है।
संकल्प से सिद्धि तक का 12 साल का सफर
भाजपा अध्यक्ष ने मोदी सरकार के 12 वर्षों को संकल्प से सिद्धि का गौरवशाली काल बताया। उनके मुताबिक इन वर्षों में विकास के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि भारत आज पहले से ज्यादा सुरक्षित, सक्षम और सतर्क राष्ट्र के रूप में उभरा है।उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई और देश की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिली। सशस्त्र बलों का मनोबल और क्षमता दोनों बढ़े हैं। यह यात्रा राष्ट्र प्रथम की भावना से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य तक मजबूत नींव तैयार कर रही है।
राजनाथ सिंह ने बताया बदलाव का निर्णायक दौर
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल पूरे होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 भारत की विकास यात्रा में नए अध्याय की शुरुआत थी। उसी दिन देश ने नेतृत्व, शासन व्यवस्था और राष्ट्रीय सोच में बड़ा परिवर्तन देखा।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई और फैसले लेने की प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और परिणाम आधारित बनाया।
लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर बनाया नया रिकॉर्ड
लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा की जीत के बाद 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने 2019 में दूसरी बार और 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभालकर नया राजनीतिक इतिहास बनाया।
उपराष्ट्रपति ने भी की विकास यात्रा की सराहना
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने भी मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश ने विकास, तकनीक, आधारभूत ढांचे और वैश्विक प्रभाव के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ने का काम किया है।