

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

18 major intersections in Raipur to undergo transformation: Relief from traffic jams expected; work begins on ₹9 crore project.
रायपुर। राजधानी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने के लिए नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने 18 प्रमुख चौराहों के पुनर्विकास की योजना तैयार की है। इस परियोजना के तहत चौराहों का आधुनिक डिजाइन के अनुसार कायाकल्प किया जाएगा। हालांकि अप्रैल में टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी होने के बावजूद दो महीने बाद भी बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
निर्माण एजेंसी के अनुसार, स्थायी निर्माण शुरू करने से पहले प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक मूवमेंट का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न आए। लोधीपारा चौक और अनुपम नगर चौक में पिछले दो महीने से अस्थायी बैरिकेड्स लगाकर ट्रायल किया जा रहा है। लोधीपारा में डिवाइडर निर्माण का काम भी शुरू हो चुका है।
नगर निगम को इस परियोजना के लिए 9 करोड़ रुपये की राशि मिल चुकी है। निर्माण का जिम्मा रायपुर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है। एजेंसी को पूरा काम 24 महीने के भीतर पूरा करना होगा। अधिकारियों का दावा है कि स्वीकृत डिजाइन के अनुसार सभी चौराहों का चरणबद्ध तरीके से विकास किया जाएगा।
परियोजना में शहर के 18 महत्वपूर्ण चौराहों को शामिल किया गया है, जिनमें प्रमुख रूप से जयस्तंभ चौक,शारदा चौक ,फाफाडीह चौक,देवेंद्रनगर चौक,शंकरनगर चौक,लोधीपारा चौक,महिला थाना चौक,बंजारी बाबा ,जार चौक,गुढ़ियारी भारत माता चौक,मरही माता चौक, शास्त्री चौक सहित अन्य प्रमुख जंक्शन शामिल हैं।
नई योजना के तहत प्रत्येक चौराहे पर आधुनिक ट्रैफिक इंजीनियरिंग के अनुसार कई सुधार किए जाएंगे स्मार्ट टर्न सिस्टम: लेफ्ट और राइट टर्न के लिए अलग एवं चौड़ी लेन बनाई जाएगी।समर्पित सीधी लेन: सीधे जाने वाले वाहनों के लिए अलग लेन निर्धारित होगी, जिससे ट्रैफिक जाम में लगभग 15 प्रतिशत तक कमी आने की उम्मीद है। जेब्रा क्रॉसिंग और स्टॉप लाइन: पैदल यात्रियों की सुरक्षा और वाहन संचालन को व्यवस्थित करने के लिए स्पष्ट मार्किंग की जाएगी।रोटरी और डिवाइडर: जहां पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा, वहां नए डिवाइडर और रोटरी का निर्माण किया जाएगा।आधुनिक ट्रैफिक बूथ: अधिकांश चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए आधुनिक बूथ बनाए जाएंगे, ताकि वे गर्मी, बारिश और अन्य मौसम में भी बेहतर तरीके से ड्यूटी कर सकें।
अधिकारियों के अनुसार जयस्तंभ चौक और शारदा चौक जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जगह की कमी के कारण लेन सिस्टम लागू करने में कुछ तकनीकी चुनौतियां हैं। इसके लिए विशेषज्ञों की मदद से अलग समाधान तैयार किया जा रहा है। ट्रायल सफल होने के बाद अंतिम चरण में सड़क मार्किंग और स्थायी निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।