

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

20 MBBS seats added at Raipur Medical College.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (जेएनएम) मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 20 नई सीटों की मंजूरी मिल गई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने सीटें बढ़ाने की अनुमति दी है।
इस मंजूरी के बाद जेएनएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कुल सीटें 230 से बढ़कर 250 हो गई हैं। वर्ष 1963 में 60 सीटों के साथ शुरू हुए इस मेडिकल कॉलेज में अब तक कई चरणों में सीटें बढ़ाई जा चुकी हैं। इससे पहले वर्ष 2023 में भी 50 सीटों का इजाफा किया गया था।
नई मंजूरी के बाद छत्तीसगढ़ के 10 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों की संख्या 1,430 से बढ़कर 1,450 हो गई है। वहीं राज्य के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों को मिलाकर कुल एमबीबीएस सीटें 2,330 से बढ़कर 2,350 हो गई हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सीटें बढ़ने से प्रदेश के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और उन्हें अपने ही राज्य में एमबीबीएस की पढ़ाई करने का बेहतर मौका मिलेगा।