

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur pnb bank fire budhapara chowk
रायपुर। राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में रविवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि रविवार होने के कारण बैंक बंद था और अंदर कोई कर्मचारी या ग्राहक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, बैंक भवन से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
चूंकि बैंक घनी रिहायशी बस्ती के बीच स्थित है, इसलिए आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को फैलने से रोक दिया, जिससे आसपास की इमारतों तक आग नहीं पहुंच सकी।
आग बुझने के बाद बैंक कर्मचारी शाखा के अंदर हुए नुकसान का आकलन करने में जुट गए। मौके पर बैंक मैनेजर, एसीपी और कोतवाली थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।