

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major Naxal hideout uncovered in Dantewada
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। हाल ही में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों की सटीक निशानदेही पर चलाए गए सर्च अभियान में नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान सोने का बिस्किट, नकदी, अत्याधुनिक हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सली साहित्य सहित बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई को दंतेवाड़ा पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्च अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप खोज निकाला।
बरामद सामग्री में लगभग 116 ग्राम वजन का सोने का बिस्किट, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा 2 लाख रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा इंसास राइफल, एके-47 और एसएलआर की मैग्जीन व कारतूस, 12 बोर बंदूकें, बीजीएल लांचर, रिवाल्वर, टिफिन बम, पाइप बम, तीर बम, हैंड ग्रेनेड, मोर्टार, डेटोनेटर, जिलेटिन, कोडेक्स वायर, कुकर, नक्सली वर्दियां, दवाइयां और बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति की बड़ी सफलता का परिणाम है। मुख्यधारा में लौटे पूर्व माओवादियों द्वारा उपलब्ध कराई गई महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर सुरक्षा बल नक्सलियों के ठिकानों और उनके लॉजिस्टिक नेटवर्क पर लगातार प्रहार कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से नक्सल संगठन की आर्थिक और सैन्य क्षमता को बड़ा झटका लगेगा। आने वाले समय में भी आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से मिली सूचनाओं के आधार पर ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि बस्तर क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क को पूरी तरह कमजोर किया जा सके।