

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

₹20 lakh fraud involving a Fortuner car; accused arrested after misleading the victim with a fake check.
जांजगीर-चांपा। फॉर्च्यूनर कार की खरीदी-बिक्री और गिरवी रखने के नाम पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वाहन को गिरवी रखने का सौदा करने के बाद किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया और रकम वापस मांगने पर फर्जी चेक देकर शिकायतकर्ता को गुमराह करता रहा। चेक बाउंस होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के सर्वमंगला नगर दुरपा निवासी चंद्रप्रकाश जायसवाल ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 21 अक्टूबर 2024 को ग्राम करनौद थाना बिर्रा निवासी विवेक डड़सेना से फॉर्च्यूनर कार क्रमांक CG 11 BN 1748 को गिरवी रखने अथवा खरीदने के लिए 20 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, सौदा होने के बाद विवेक डड़सेना ने उक्त वाहन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। जब चंद्रप्रकाश जायसवाल ने अपनी रकम वापस मांगी, तब आरोपी ने भुगतान के लिए चेक दिया। हालांकि बैंक में प्रस्तुत करने पर चेक बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी में कठिनाई आ रही थी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर चांपा पुलिस ने साइबर तकनीक और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी के बाद पुलिस टीम ने 19 जून को आरोपी विवेक डड़सेना को उसके निवास ग्राम करनौद से हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चेकबुक और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने नागरिकों से वाहन खरीदी-बिक्री या गिरवी संबंधी किसी भी लेन-देन से पहले दस्तावेजों और स्वामित्व की पूरी जांच करने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।