

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: PRSU triples admission fees; students express resentment.
रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) ने प्रवेश शुल्क में भारी बढ़ोतरी कर दी है। विश्वविद्यालय के नए आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम सेमेस्टर में अब 250 रुपये के बजाय 750 रुपये प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। इससे छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
सीबीएसई बोर्ड से अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी प्रवेश शुल्क में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। पहले जहां उन्हें 610 रुपये शुल्क देना पड़ता था, वहीं अब यह राशि बढ़ाकर 1,750 रुपये कर दी गई है। शुल्क में हुई इस बढ़ोतरी को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में असंतोष देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय इससे पहले भी परीक्षा शुल्क में वृद्धि कर चुका है। लगातार बढ़ती फीस के कारण विद्यार्थियों में नाराजगी बनी हुई है। छात्र संगठनों का कहना है कि उच्च शिक्षा को महंगा बनाने वाले ऐसे फैसलों पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
विश्वविद्यालय स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों से शुरुआत में ही उपाधि प्रमाण पत्र शुल्क भी वसूल रहा है। छात्र संगठनों ने इस व्यवस्था को अव्यावहारिक बताते हुए कहा है कि पढ़ाई पूरी होने से पहले ही डिग्री प्रमाण पत्र शुल्क लेना तर्कसंगत नहीं है।
सीबीएसई बोर्ड से पढ़ाई कर विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को अप्रवासन शुल्क भी देना पड़ता है। इस शुल्क में भी विश्वविद्यालय ने बड़ी बढ़ोतरी की है। पहले विद्यार्थियों को 360 रुपये जमा करने पड़ते थे, लेकिन अब यह राशि बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है। यानी अप्रवासन शुल्क में लगभग 300 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
प्रवेश एवं अप्रवासन शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शुल्क वृद्धि का निर्णय वापस लेने तथा विद्यार्थियों के हित में पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि बढ़ी हुई फीस आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।