

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: ₹26.87 lakh embezzled from a government account in Mungeli, bank employee accused of ID misuse
मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सरकारी खजाने में सेंधमारी का गंभीर मामला सामने आया है। कलेक्ट्रेट के पर्यावरण अधोसंरचना विकास उपकर खाते से करीब 26.87 लाख रुपये की अनाधिकृत निकासी का खुलासा होने के बाद जिला प्रशासन और बैंक प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों की आईडी का दुरुपयोग कर निकाली राशि
जानकारी के अनुसार, यह मामला सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंगेली शाखा से जुड़ा हुआ है। अपर कलेक्टर जी.एल. यादव द्वारा बैंक को जारी नोटिस के बाद जांच में सामने आया कि खाते से किए गए लेन-देन कलेक्ट्रेट कार्यालय द्वारा अधिकृत नहीं थे। बैंक ने स्वीकार किया है कि उनके कर्मचारी (सीएसए) टिकेश कुमार ने आंतरिक वाउचर के माध्यम से अधिकारियों की गोपनीय आईडी का दुरुपयोग कर बिना अनुमति बड़ी राशि निकाल ली।
आरोपी कर्मचारी निलंबित, बैंक ने लौटाई राशि
मामले के उजागर होते ही बैंक प्रबंधन ने गबन की गई पूरी राशि वापस संबंधित खाते में जमा करा दी है। साथ ही आरोपी कर्मचारी से जवाब मांगा गया, लेकिन संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर उसे निलंबित कर दिया गया है। रायपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने पूरे मामले की आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है।
प्रशासन सख्त, कानूनी कार्रवाई के संकेत
हालांकि जिला प्रशासन बैंक के जवाब से संतुष्ट नहीं है। प्रशासन का कहना है कि शासकीय राशि की सुरक्षा से खिलवाड़ गंभीर अपराध है और इसमें बैंक प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है। फिलहाल मामले से जुड़े दस्तावेजों की अंतिम जांच की जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि दोषी पाए जाने पर बैंक प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।