

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

27 people killed in major road accidents across india rajasthan gujarat haryana bihar up
शनिवार और रविवार की दरमियानी रात देश के अलग-अलग राज्यों में हुए भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश में हुए दर्दनाक हादसों में कई लोगों की जान चली गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। कहीं धार्मिक दर्शन कर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया, तो कहीं शादी समारोह से वापस लौट रहे लोगों की गाड़ी को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी। इन हादसों में बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों की मौत हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग हादसों में कुल 27 लोगों की जान चली गई है।
राजस्थान: खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे परिवार की गाड़ी ट्रक से टकराई, 9 की मौत
राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नाता पुलिस थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, परिवार खाटू श्यामजी के दर्शन करने के बाद धार की ओर लौट रहा था। इसी दौरान गाड़ी चला रहे ड्राइवर को झपकी आ गई। बताया जा रहा है कि ड्राइवर का ध्यान सड़क से हटने के कारण क्रूजर गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है। कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना।
हादसे में घायल एक व्यक्ति ने बताया कि परिवार कई गाड़ियों में सफर कर रहा था। खाटू श्यामजी से धार की ओर जाते समय उनकी दो गाड़ियां पीछे रह गई थीं, जबकि तीन गाड़ियां आगे निकल गई थीं। इसी बीच उनके साथ मौजूद एक महिला का फोन आया कि उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे, जहां हादसे की भयावह स्थिति देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
राजस्थान: जोधपुर में कार और ट्रैवल टेम्पो की भिड़ंत, 3 की मौत, 15 घायल
राजस्थान के जोधपुर में भी शनिवार-रविवार की रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां कार और ट्रैवल टेम्पो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और गुजरात से रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को तत्काल मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल अधीक्षक के मुताबिक, हादसे में घायल और मृतक सभी एक ही परिवार के हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
गुजरात: ट्रेलर और कार की भीषण टक्कर, आर्मी परिवार के 7 लोगों की मौत
गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। खावड़ा के पास वेकारिया के रेगिस्तानी इलाके में कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छोटे बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड का एक परिवार कच्छ घूमने आया हुआ था। इसी दौरान उनकी कार ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर बेहद भयावह मंजर देखने को मिला। कई शव सड़क पर बिखरे पड़े थे।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में एक आर्मी परिवार के उजड़ने की खबर से इलाके में शोक का माहौल है।
हरियाणा: करनाल में दो गाड़ियों की जोरदार भिड़ंत, 2 की मौत
हरियाणा के करनाल में भी रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मॉडल टाउन के नजदीक ज्वेल्स रोड पर दो गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन से चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
बिहार: शादी से लौट रही बारात की स्कॉर्पियो को हाइवा ने मारी टक्कर, 4 की मौत
बिहार में रविवार को एक और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। अथमलगोला थाना क्षेत्र में सवनीमा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो को हाइवा ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में बैठे लोगों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए बाढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया।
उत्तर प्रदेश: दिल्ली से बनारस जा रही डबल डेकर बस ट्रक से टकराई, 2 की मौत, 15 घायल
उत्तर प्रदेश में भी रविवार को नेशनल हाईवे-2 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से वाराणसी जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए हैं।
हादसे में घायल यात्रियों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देश के अलग-अलग राज्यों में एक ही रात के दौरान हुए इन दर्दनाक हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं ड्राइवर की झपकी हादसे की वजह बनी, तो कहीं तेज रफ्तार और वाहनों की जोरदार टक्कर ने लोगों की जान ले ली।
धार्मिक यात्रा, पर्यटन, शादी समारोह और सामान्य सफर पर निकले कई परिवारों को इन हादसों ने कभी न भूलने वाला दर्द दे दिया। इन दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं घायलों का अस्पतालों में इलाज जारी है।