

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

GST officer caught red-handed taking a bribe; suspended following arrest
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ी गई GST अधिकारी अंचला गिरी को निलंबित कर दिया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की जगदलपुर टीम ने शनिवार को यह कार्रवाई करते हुए अधिकारी अंचला गिरी और उनके सहयोगी इमरान मेमन को गिरफ्तार किया था। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम भी सामने आया। बताया जा रहा है कि ACB की टीम को देखकर अधिकारी और उसके साथी ने पकड़े जाने के डर से रिश्वत की रकम के नोटों के बंडल नाली में फेंक दिए थे।
शिकायतकर्ता स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज के मुताबिक, 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। इस दौरान गाड़ी को रोक लिया गया, जबकि उनके पास माल से संबंधित बिल मौजूद था।
कारोबारी का आरोप है कि GST अधिकारी अंचला गिरी ने गाड़ी छोड़ने के एवज में 10 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाने की बात कही थी। जबकि गाड़ी में लोड स्क्रैप की कीमत करीब 3 लाख रुपए थी। कारोबारी ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी GST में अधिकृत नहीं थीं, इसके बावजूद उन्होंने गाड़ी रुकवाकर कार्रवाई की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, मामला सेटल करने के लिए पहले 2 लाख रुपए की मांग की गई थी। बाद में डेढ़ लाख रुपए देने की बात तय हुई। इसमें से 50 हजार रुपए पेनाल्टी के रूप में जमा कराने और शेष एक लाख रुपए घर पहुंचकर देने की बात कही गई थी।
ACB की जांच में इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि GST अधिकारी ने कारोबारी से रिश्वत की रकम इमरान मेमन के माध्यम से ली थी। इमरान (30) कांकेर के संजयनगर का निवासी है। उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
ACB की कार्रवाई के बाद राज्य कर विभाग ने अंचला गिरी को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जगदलपुर निर्धारित किया गया है। फिलहाल ACB दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।