

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

5 tribal youths from Jashpur to undergo international rock climbing guide training; adventure tourism to gain a new identity
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवाओं का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। दिसंबर में बेंगलुरु में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में ये युवा रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीक, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण लेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रशिक्षण के लिए तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह का चयन हुआ है। प्रशिक्षण और मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है। यह कार्यक्रम भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल ROMP के साथ आयोजित किया जाएगा।
इस पहल से जशपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों की टीम तैयार होगी। इससे जिले में साहसिक पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाइड प्रमाणन की सुविधा उपलब्ध होने के साथ जशपुर यह उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है कि दूरदर्शी प्रशासन और समुदाय की भागीदारी से भारत को वैश्विक स्तर पर भरोसेमंद साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन संभावनाओं को आजीविका के स्थायी अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। जशपुर के युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन इसी प्रयास की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
जशपुर में साहसिक पर्यटन के विकास और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल वर्ष 2024 की शुरुआत में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इसका उद्देश्य जिले की प्राकृतिक और भौगोलिक विशेषताओं का उपयोग कर स्थानीय आदिवासी युवाओं को साहसिक खेलों में प्रशिक्षित करना तथा पर्यटन आधारित आजीविका के अवसर तैयार करना था।
इस पहल को आगे बढ़ाने में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था ‘पहाड़ी बकरा एडवेंचर’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को प्रारंभिक स्तर से रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण दिया। जिला प्रशासन के सहयोग से साहसिक पर्यटन के दीर्घकालिक विकास की कार्ययोजना तैयार करने में भी योगदान दिया गया।
निरंतर प्रशिक्षण, अभ्यास और मार्गदर्शन के जरिए इन युवाओं ने तकनीकी दक्षता विकसित की और राष्ट्रीय स्तर के साहसिक अभियानों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा साबित की।
जशपुर के युवाओं ने वर्ष 2025 में आयोजित ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार करते हुए सफल आरोहण किया था। टीम ने इस मार्ग का नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ रखा।
अभियान के दौरान युवाओं ने अल्पाइन शैली में पर्वतारोहण करते हुए साहस, अनुशासन, टीम भावना और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। इस अभियान को 15 से अधिक प्रायोजकों का सहयोग मिला था। इसी क्रम में वर्ष 2026 में जशपुर के युवा पर्वतारोही तेजल भगत को CLAW की ओर से प्रायोजन भी प्राप्त हुआ।
रॉक क्लाइंबिंग जैसी साहसिक गतिविधियों में तकनीकी दक्षता, सुरक्षा उपकरणों की जानकारी और जोखिम प्रबंधन बेहद जरूरी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण और प्रमाणन की सीमित उपलब्धता भारत में साहसिक पर्यटन के विस्तार की चुनौतियों में शामिल रही है।
PCGI प्रशिक्षण के माध्यम से जशपुर के युवाओं को आधुनिक क्लाइंबिंग तकनीक, सुरक्षा प्रक्रियाओं और पेशेवर गाइडिंग की कार्यप्रणाली सीखने का अवसर मिलेगा। इससे जिले में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और पेशेवर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ियां, चट्टानी क्षेत्र और समृद्ध जनजातीय संस्कृति साहसिक एवं इको-कल्चरल पर्यटन की व्यापक संभावनाएं प्रदान करती हैं। जिला प्रशासन इन संभावनाओं को स्थानीय युवाओं की आजीविका से जोड़ने के प्रयास कर रहा है।
जिले में आउटडोर एडवेंचर सेक्टर का संचालन स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित आदिवासी युवाओं के स्वामित्व वाले निजी उद्यम के माध्यम से किया जा रहा है। इससे युवा केवल रोजगार तक सीमित न रहकर पर्यटन गतिविधियों के संचालन, प्रबंधन और उद्यमिता से भी जुड़ रहे हैं।
होमस्टे सुविधाओं, अंतरराष्ट्रीय साहसिक पर्यटन आयोजनों और प्रतिवर्ष अक्टूबर में आयोजित युवा महोत्सव जैसी गतिविधियों के जरिए पर्यटन को नई दिशा देने की कोशिश की जा रही है। रॉक क्लाइंबिंग के अलावा मोटरबाइक अभियान, कृषि पर्यटन और स्थानीय जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं जीवनशैली से जुड़े अनुभवों को भी पर्यटन गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है।
जशपुर के पांच आदिवासी युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर, प्रशिक्षण और संस्थागत सहयोग मिलने की अहमियत को दर्शाता है। इससे जनजातीय युवाओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।