

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Female neighbor commits theft worth lakhs at a home; carries out the crime in collusion with her husband and an acquaintance.
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के पाटन में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसमें घर की पहचान रखने वाली पड़ोसी ही भरोसे का फायदा उठाकर चोर बन गई। घर में नियमित आना-जाना होने के कारण उसे परिवार के जेवर और नकदी रखने की जगह की जानकारी थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल कर उसने पेटी का ताला और कुंदा तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी। पुलिस ने मामले में महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से जेवर, कैश, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
मामले की शिकायत दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी निवासी कल्याणी देवांगन (46) ने 17 नवंबर को पाटन थाने में दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि घर के कमरे में रखी पुरानी पेटी का ताला और कुंदा टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि पेटी में रखे उनके अलावा उनकी मां और बहन के पुराने सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी गायब हैं।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस का संदेह पड़ोस में रहने वाली ज्योतिका सिंह (24) पर गया। उसका शिकायतकर्ता के घर नियमित आना-जाना था और उसे घर के भीतर रखे सामान की जानकारी थी।पुलिस की पूछताछ में ज्योतिका ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसने अपने परिचित लव कुमार साहू (25) के कहने पर ब्याज के जरिए कमाई करने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया था। घर में जेवर रखने की जगह पहले से मालूम होने के कारण उसने पेटी का ताला और कुंदा तोड़कर आभूषण तथा नकदी निकाल ली।
चोरी के बाद ज्योतिका ने कुछ आभूषण ज्वेलर्स की दुकान पर बेचकर रकम हासिल की। इसके अलावा चोरी किए गए जेवर और नकदी का कुछ हिस्सा अपने पति मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया (25) और लव कुमार साहू को दे दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर चोरी की संपत्ति बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से अलग-अलग सामान जब्त किया है। बरामदगी का विवरण इस प्रकार है।
ज्योतिका सिंह के पास से एक्टिवा और वनप्लस मोबाइल फोन, सोने के झुमके, ईयरिंग, गेहूं दाना, गोला दाना, टॉप्स और लॉकेट, 13 हजार रुपये नकद, जब्त सामान की अनुमानित कीमत 2 लाख 95 हजार 600 रुपये।
मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया के पास से एक बाइक और रेडमी मोबाइल फोन, चांदी की चेन, 6 हजार रुपये नकद, बरामद संपत्ति की कीमत 89 हजार 500 रुपये।
लव कुमार साहू के पास से सोने के टॉप्स और वनप्लस मोबाइल फोन, चांदी का ब्रेसलेट और दो चांदी के लॉकेट,7 हजार रुपये नकद ब्त सामान की कीमत 67 हजार 260 रुपये।
पाटन थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों तथा पूछताछ के आधार पर चोरी की गुत्थी सुलझाई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।