

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 630 करोड़ 55 लाख 54 हजार 300 रुपए की राशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रमुख सचिव शहला निगार और संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन देना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से परिवार मजबूत होता है, बच्चों का भविष्य सुरक्षित होता है और समाज के विकास को नई दिशा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना केवल हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने महिलाओं के आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामाजिक भागीदारी को भी मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि योजना की राशि का उपयोग बड़ी संख्या में महिलाएं बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आजीविका पर कर रही हैं।

सरकार के अनुसार कई महिलाएं इस राशि से अपनी बेटियों के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर रही हैं, जबकि कई लाभार्थियों ने सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, डेयरी, किराना दुकान, सब्जी विक्रय, पशुपालन, अगरबत्ती निर्माण सहित अन्य छोटे स्वरोजगार शुरू कर अपनी आय बढ़ाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। महतारी वंदन योजना में हर महीने डीबीटी के जरिए सीधे महिलाओं के खातों में राशि भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और शासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

1 मार्च 2024 से लागू है योजना
महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। 30वीं किस्त जारी होने के साथ ही योजना के तहत अब तक 19,444.33 करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।
सरकार का दावा है कि नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है, घरेलू निर्णयों में उनकी भागीदारी मजबूत हुई है तथा बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य पर खर्च में वृद्धि हुई है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों और छोटे व्यवसायों के जरिए महिलाओं की आय में भी इजाफा हुआ है। सरकार का कहना है कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।