

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The spirit of patriotism will resonate across Chhattisgarh from August 7 to 17.
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में इस वर्ष देशभक्ति और जनभागीदारी का माहौल देखने को मिलेगा। प्रदेश में 7 से 17 अगस्त 2026 तक 'हर घर तिरंगा' अभियान और 'वंदे मातरम्' के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। संस्कृति विभाग की ओर से केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्यभर में तिरंगा यात्राएं, रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।
'हर घर तिरंगा' अभियान 9 से 17 अगस्त तक प्रदेश के सभी जिलों में चलाया जाएगा। वहीं 7 से 15 अगस्त तक 'वंदे मातरम्' गायन और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद प्रदेशभर में सामूहिक राष्ट्रगान और वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के दौरान जिला मुख्यालयों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक रैली, कार रैली, मशाल रैली और तिरंगा मैराथन आयोजित की जाएंगी। इनमें जनप्रतिनिधियों के साथ स्व-सहायता समूह, पुलिस, NCC, NSS, स्काउट-गाइड और आम नागरिक शामिल होंगे।
इसके अलावा नागरिक अपने घरों में लगाए गए तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर 'हर घर तिरंगा' पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा कैनवास, तिरंगा मेले और देशभक्ति कॉन्सर्ट भी आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए स्थानीय स्वदेशी उत्पादों और कारीगरों को बढ़ावा देने की पहल की जाएगी।
प्रदेशभर में ऑडियो और वीडियो बूथ भी बनाए जाएंगे, जहां लोग 'वंदे मातरम्' गाकर अपनी रिकॉर्डिंग अपलोड कर सकेंगे। वहीं 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इस मौके पर स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और भारत विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
राज्य पुलिस बैंड द्वारा भी सार्वजनिक स्थानों पर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सरकार का उद्देश्य इन आयोजनों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी और राष्ट्रप्रेम के बड़े उत्सव के रूप में मनाना है।