

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

34,000 candidates for 1,812 posts! Which subject saw the highest attendance on the first day of the teacher recruitment examination?
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों में अच्छा उत्साह देखने को मिला। 31 अक्टूबर को आयोजित परीक्षा में कुल 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। गणित विषय में सबसे ज्यादा 90.25 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक चलेगी।
लोक शिक्षण संचालनालय से मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा के पहले दिन कुल 10 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। इनमें 7,025 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,177 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
गणित में सबसे ज्यादा, अर्थशास्त्र में सबसे कम उपस्थिति
पहले दिन विषयवार उपस्थिति के आंकड़ों पर नजर डालें तो शिक्षक गणित विषय में सबसे अधिक 90.25 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। वहीं व्याख्याता सामाजिक विज्ञान में 84.87 प्रतिशत, भौतिकी में 84.83 प्रतिशत और जीव विज्ञान में 83.27 प्रतिशत उपस्थिति रही।
अन्य विषयों में व्याख्याता संस्कृत में 81.77 प्रतिशत, इतिहास में 80.56 प्रतिशत, रसायन में 77.07 प्रतिशत और व्यायाम शिक्षक में 76.9 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। वहीं भूगोल में 64.29 प्रतिशत और अर्थशास्त्र में सबसे कम 63.64 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
34,604 अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें से 34,514 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं। यानी कुल आवेदकों में से 99.74 प्रतिशत को एडमिट कार्ड मिले हैं।
आवेदन करने वालों में महिला अभ्यर्थियों की संख्या पुरुषों से अधिक है। कुल 20,779 महिलाओं और 13,825 पुरुषों ने आवेदन किया है। इसके अलावा 332 दिव्यांग अभ्यर्थी भी इस भर्ती परीक्षा में शामिल हैं।
पहली बार CBT से हुई भर्ती परीक्षा, अभ्यर्थियों ने की सराहना
छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से पहली बार इस भर्ती परीक्षा का आयोजन कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने इस व्यवस्था को पारंपरिक ओएमआर और पेन-पेपर परीक्षा की तुलना में तेज, पारदर्शी और प्रभावी बताया।
CBT प्रणाली में कंप्यूटर के माध्यम से उत्तरों का मूल्यांकन होने से कम समय में परीक्षा परिणाम तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही उत्तरों, उत्तर कुंजी, डिजिटल रिकॉर्ड और ऑडिट ट्रेल उपलब्ध होने से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।
अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में प्रदेश की अन्य भर्ती परीक्षाएं भी कंप्यूटर आधारित प्रणाली से आयोजित की जाएंगी।