

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh State Decoration Awards 2026: Names announced for those with outstanding contributions in 36 fields
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और राज्योत्सव 2026 के अवसर पर दिए जाने वाले राज्य अलंकरण सम्मानों की घोषणा कर दी गई है। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सम्मानित होने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के नामों का ऐलान किया। इस वर्ष सामाजिक सेवा, साहित्य, पत्रकारिता, कला-संस्कृति, खेल, कृषि, चिकित्सा, आदिवासी उत्थान और ग्रामीण पर्यटन समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस बार राज्य अलंकरण समारोह में दो नए सम्मान भी शामिल किए गए हैं। प्रसिद्ध पंडवानी गायिका स्वर्गीय तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर पहली बार पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पिछले वर्ष 34 श्रेणियों में सम्मान दिए गए थे, जबकि इस बार पुरस्कारों की संख्या बढ़ाकर 41 कर दी गई है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में इन नामों का चयन
राज्य अलंकरण की घोषित सूची में पत्रकारिता के क्षेत्र से भी कई नाम शामिल हैं। चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के तहत प्रिंट मीडिया हिंदी श्रेणी में प्रमोद कुमार साहू को चुना गया है।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हिंदी श्रेणी में वरुण सखाजी और रसिका पांडेय को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के लिए शिशिर रॉय चौधरी का चयन किया गया है।
कला-संस्कृति और साहित्य में इन्हें मिलेगा सम्मान
कला और संस्कृति के क्षेत्र में हबीब तनवीर सम्मान के लिए डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, चक्रधर सम्मान के लिए डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति और किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण के लिए मोहन सुंदरानी का चयन किया गया है।
हिंदी साहित्य के क्षेत्र में डॉ. बिहारीलाल साहू तथा पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान के लिए वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को चुना गया है।
सामाजिक सेवा, खेल और अन्य क्षेत्रों के सम्मानित होने वाले नाम
सामाजिक एवं जनकल्याण के क्षेत्र में डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान और सुखचंद भास्कर को गुरु घासीदास सम्मान प्रदान किया जाएगा।
खेल के क्षेत्र में संजू देवी और तीरंदाजी के लिए टोमन कुमार का चयन किया गया है। इसके अलावा कृषि के क्षेत्र में पुन्नीदास भट्ट, आयुर्वेद में डॉ. दिनेश कुमार नाग, अपराध अनुसंधान में उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव और ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय 'सनी' को सम्मानित किया जाएगा।
राज्योत्सव समारोह में मिलेगा सम्मान
राज्य सरकार की ओर से घोषित इन राज्य अलंकरणों के माध्यम से छत्तीसगढ़ सहित देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। चयनित प्रतिभाओं को राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित समारोह में राज्य अलंकरण प्रदान किए जाएंगे।