

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Insects found in milk, rats scurrying about in sweet shops—major crackdown by the Food Department ahead of Diwali.
रायपुर। दीपावली के त्योहार से पहले मिठाइयों की शुद्धता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर में शनिवार को खाद्य विभाग की टीम ने अलग-अलग मिठाई दुकानों, बेकरी और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान कहीं दूध में मक्खियां और कीड़े मिले, तो कहीं मिठाई बनाने की जगह पर गंदगी और चूहे घूमते नजर आए। कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई में गंभीर लापरवाही सामने आई है।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई में तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं, बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई।
छत्री स्वीट्स के दूध में मिली मक्खियां और कीड़े
जांच के दौरान छत्री स्वीट्स, चाराम (रायपुर) में दूध के नमूने में मक्खियां और कीड़े मिले। मिठाई निर्माण स्थल पर गंदगी पाई गई। इसके अलावा तैयार बेकरी आइटम भी पुराने और बासी मिले। टीम ने मौके से करीब 80 लीटर दूध, 3 किलो मिठाई और 20 किलो चम्मचम सहित अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई।
लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स में मिली गंदगी
अमसेना चौक, भनपुरी के पास स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स के ब्रेड बास्केट स्टोर में गंदगी मिली। स्टोर रूम में साफ-सफाई नहीं थी। बेकरी में चूहे घूमते मिले। अधिकारियों ने बताया कि नमकीन सहित कई खाद्य पदार्थों पर एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी। खाद्य विभाग ने तीन दिन के लिए स्टोर सील कर दिया। यहां करीब 80 किलो ब्रेड नष्ट कराई गई।
अग्रवाल मिठाईवाला में भी मिली गंदगी
रामकृष्ण अस्पताल के पास स्थित अग्रवाल मिठाईवाला में छापा मारने पर गंदगी मिली। यहां चाशनी में डूबे रसगुल्लों के बर्तन में चींटियां पाई गईं। टीम ने बेसन, लड्डू और घी के नमूने लिए। मौके से 100 किलो बालूशाही, 25 किलो रसगुल्ला, 10 किलो काजू कतली, पापड़ी, पापड़ी की खस्ता खेवड़ा और 25 किलो खोवा-काजू मिक्स सहित अन्य सामग्री नष्ट कराई गई।
कृष्णा स्वीट्स से 3,960 किलो कुंदा जब्त
कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स में बिना खाद्य लाइसेंस के मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री की जा रही थी। यहां चार ब्रांड के कुंदा के अलावा मसूर पाक, कृष्णा हलवा, रसगुल्ला और बूंदी दाना भी बिना लाइसेंस बेचे जा रहे थे।
अधिकारियों ने मौके से 3,960 किलो कुंदा, 720 किलो डिलाइटराइज्ड स्वीटनर और 112 किलो मसूर पाक जब्त किया।
तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित
खाद्य विभाग की टीम ने सभी प्रतिष्ठानों से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठान का सामान जब्त करने के साथ ही अन्य मामलों में कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने और असुरक्षित खाद्य पदार्थ पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई ने त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में मिठाई खरीदते समय लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।