

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

40-year-old woman raped under the pretext of faith healing (exorcism/rituals)
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर एक महिला के साथ दुष्कर्म और ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी में आ रही रुकावट दूर करने और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर आरोपियों ने 40 वर्षीय अविवाहित युवती को अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि पूजा-पाठ के दौरान उसे नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश किया गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी महिला साथी के साथ मिलकर अलग-अलग बहानों से युवती से करीब 6 लाख रुपए भी वसूल लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
परिचित महिला के जरिए हुई थी आरोपी से पहचान
पुलिस के मुताबिक, लैलूंगा क्षेत्र में रहने वाली 40 वर्षीय युवती ने 5 नवंबर को घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी पहचान चंद्र कुमार जायसवाल (45) से हुई थी। आरोपी अस्पताल पारा में प्रहलाद सिदार के किराए के मकान में रहता था।
उसे बताया गया था कि चंद्र कुमार हाथ देखकर भविष्य बताता है और झाड़-फूंक व दवाओं से बीमारियों का इलाज करता है। युवती ने उससे संपर्क कर शरीर में दर्द रहने और शादी नहीं हो पाने की परेशानी बताई। इस पर आरोपी ने पूजा-पाठ से दोनों समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया।
पूजा के बहाने बुलाया, पानी पिलाकर किया बेहोश
आरोप है कि 8 मार्च को चंद्र कुमार ने इलाज और पूजा-पाठ के बहाने युवती को अपने किराए के मकान में बुलाया। घरघोड़ा पहुंचने पर वह बाइक से उसे अपने मकान ले गया। वहां गायत्री महंत (39) नाम की महिला पहले से मौजूद थी, जिसे आरोपी ने पूजा-पाठ करने वाली बताया।
महिला ने युवती को नहाकर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने को कहा। इसके बाद चंद्र कुमार हवन-पूजा करने लगा। इसी दौरान उसने अभिमंत्रित जल बताकर युवती को पानी पिलाया। पानी पीने के कुछ देर बाद युवती को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई।
युवती का आरोप है कि इसी हालत में चंद्र कुमार ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। होश आने पर विरोध करने पर आरोपी ने बीमारी ठीक करने और शादी में आ रही बाधा दूर करने के नाम पर अपनी हरकत को सही ठहराने की कोशिश की।
पूजा और बिजनेस के नाम पर करीब 6 लाख की ठगी
दुष्कर्म के बाद भी आरोपियों ने युवती को अपने झांसे में रखा। शुरुआत में पूजा-पाठ और हवन के नाम पर उससे 4 हजार और फिर 12 हजार रुपए लिए गए। इसके बाद चंद्र कुमार ने उसे वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का लालच दिया और पैसे देने के लिए दबाव बनाया।
आरोप है कि चंद्र कुमार और उसकी महिला साथी ने अलग-अलग बहाने बनाकर युवती से करीब 6 लाख रुपए वसूल लिए। जब युवती को अपनी परेशानियों का समाधान नहीं मिला और उसे ठगी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इस पर आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
शिकायत मिलने के बाद घरघोड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री महंत पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों ने मिलकर झाड़-फूंक के बहाने युवती को अपने जाल में फंसाने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी तरह के शोषण या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।