

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

96-hour special campaign against drugs in Raipur, eight arrested including history sheeters and traffickers
रायपुर। पुलिस ने राजधानी में 96 घंटे के विशेष अभियान के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर अफसर कादर, हरप्रीत सिंह मट्टू, ऋषि साहू, महावीर जैन, मीर कुरैशी उर्फ विक्की, गुलाब कंडरा समेत कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारियों में दो बालक भी शामिल हैं जो कानून की नजर में संघर्षरत माने गए।
अभियान में आरोपितों के कब्जे से हेरोइन, एमडी ड्रग, नशीली गोलियां, गांजा, नकदी और मोबाइल बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई गई है।
सिविल लाइन क्षेत्र के शांति नगर में मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने अफसर कादर को पकड़ा। उसके पास से पांच ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई। कादर पर हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म जैसे दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
नया बस स्टैंड के पास हरप्रीत सिंह मट्टू और ऋषि साहू को 8.75 ग्राम हेरोइन और बिक्री की रकम के साथ दबोचा गया। वहीं न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र में महावीर जैन के कब्जे से 198 नशीली गोलियां, नकदी और मोबाइल बरामद हुए।
खमतराई बाजार से एक बालक को पकड़कर उसके कब्जे से 1.8 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। डीडी नगर के आम बगीचा से गुलाब कंडरा को गिरफ्तार कर 1.2 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मीर कुरैशी उर्फ विक्की और एक बालक से 40 नशीली टेबलेट बरामद हुई।
पांच थाना क्षेत्रों में हुए इस अभियान ने नशे के स्थानीय नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया। कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 113 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं और 2.63 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं।