

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Troubled by the threats of the Mercedes driver, the young man committed suicide, expressed his pain in the video before his death
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और दुखद मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना के बाद कथित मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियों से आहत होकर महासमुंद निवासी एक युवा चालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ताम्रध्वज साहू के रूप में हुई है, जो रायपुर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में मेटाडोर चालक के रूप में कार्यरत था।
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब आत्महत्या से पहले ताम्रध्वज द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए कई भावुक वीडियो सामने आए। इन वीडियो में वह रोते हुए अपनी मां, वाहन मालिक और अन्य लोगों से माफी मांगता नजर आ रहा है।
आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में ताम्रध्वज ने कथित तौर पर दुर्घटना में शामिल मर्सिडीज कार चालक और उसके साथियों का जिक्र करते हुए कहा कि वह उनका दुश्मन नहीं है। वीडियो में वह कहता सुनाई देता है कि वाहन की तकनीकी खराबी और ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ था।
उसने भावुक होकर कहा, “भैया, गलती इंसान से होती है। गाड़ी का स्टेयरिंग रॉड टूट गया था, ब्रेक फेल हो गया था, इसलिए एक्सीडेंट हो गया। आपने कहा था कि मुझे और मेरे परिवार को खत्म कर दोगे, इसलिए मैं खुद को खत्म कर रहा हूं।”
एक अन्य वीडियो में उसने अपनी मां से माफी मांगते हुए कहा, “मां, मुझे माफ कर देना। मैं तेरा बेटा होने का फर्ज नहीं निभा पाया।”
परिजनों के अनुसार ताम्रध्वज साहू माल लेकर रायपुर से गीदम पहुंचा था। गुरुवार दोपहर बंजारी घाट क्षेत्र में उसकी मेटाडोर और एक मर्सिडीज कार के बीच सड़क दुर्घटना हो गई थी।
मृतक के परिजनों और वीडियो में लगाए गए आरोपों के मुताबिक दुर्घटना के बाद कार चालक ने उसके साथ मारपीट की। बाद में कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंचे और कथित रूप से उसके साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी दी। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में चला गया था।
मृतक के परिवार का आरोप है कि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने भी उसके साथ ऐसा व्यवहार किया जिससे वह मानसिक रूप से और अधिक टूट गया। परिजनों का कहना है कि ताम्रध्वज लगातार अपमानित महसूस कर रहा था और घटना के बाद बेहद परेशान था।
ताम्रध्वज ने अपने वाहन मालिक लक्ष्मण के नाम रिकॉर्ड किए गए वीडियो में भी माफी मांगी। उसने कहा कि दुर्घटना वाहन में आई तकनीकी खराबी की वजह से हुई थी। साथ ही उसने अपनी मौत के लिए कथित तौर पर दुर्घटना के बाद उसे प्रताड़ित करने वाले लोगों को जिम्मेदार बताया।
एसपी ने जांच का दिया भरोसा
मामले की गंभीरता को देखते हुए यह जानकारी दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव राय तक पहुंचाई गई है। एसपी ने पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस अब वायरल वीडियो, दुर्घटना की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल मर्सिडीज कार का नंबर KA03MQ6809 बताया जा रहा है। आरटीओ रिकॉर्ड के मुताबिक वाहन आतिफ अफरोज पाशा के नाम पर पंजीकृत है। स्थानीय स्तर पर वाहन को एनएमडीसी से जुड़े एक ठेकेदार से जोड़कर भी चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, दुर्घटना के कारणों और आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों की पड़ताल के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी। यह मामला सड़क दुर्घटना के बाद कथित दबाव और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोपों के कारण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।