

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CM Helpline 1076: Electricity problem solved in minutes, complaint against Education Minister pending
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से शुरू हुई सीएम हेल्पलाइन 1076 आम लोगों की परेशानियों को जल्दी हल करने का प्रभावशाली रास्ता बन गई है। इस हेल्पलाइन के जरिए जहां एक ओर कोरबा में बिजली की समस्या केवल एक घंटे में सुलझा दी गई, वहीं दूसरी ओर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज करने का प्रयास असफल रहा।
सहायक शिक्षक भर्ती 2023 में नियुक्ति का इंतजार कर रहे डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिक्षा मंत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की कोशिश की। अभ्यर्थियों का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद 2300 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई। लेकिन हेल्पलाइन के अटेंडर ने बताया कि फिलहाल पोर्टल पर इस मामले की कोई श्रेणी उपलब्ध नहीं है, इसलिए शिकायत दर्ज नहीं की जा सकती।
कोरबा के पंपहाउस क्षेत्र के निवासी रामकुमार साहू ने शाम चार बजे लो-वोल्टेज और बिजली उतार-चढ़ाव की शिकायत दर्ज कराई। विद्युत विभाग की टीम तुरंत सक्रिय हुई और ठीक एक घंटे में 100 केवीए ट्रांसफार्मर की खराबी ठीक कर दी। रामकुमार साहू ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की और कहा कि जनता के लिए यह हेल्पलाइन भरोसेमंद साबित हो रही है।
अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, नौ जून की दोपहर से 11 जून शाम तक हेल्पलाइन पर कुल 7,769 शिकायतें पंजीकृत की गईं। इनमें से 17 मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि बाकी 7,752 शिकायतें अभी लंबित हैं।
तीन वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन 170वें दिन पहुंच गया। नवा रायपुर में 47 डिग्री की गर्मी में धरने पर बैठे मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर निवासी अभ्यर्थी मृगेंद्र रजवाड़े की तबीयत बिगड़ने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करनी पड़ी। आंदोलनकारी कहते हैं कि यह संघर्ष अब केवल नौकरी के लिए नहीं, बल्कि उनके भविष्य और अस्तित्व के लिए है।