

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A consignment of 500 kg of paneer that arrived at Raipur station was found safe upon inspection... it met the required standards.
रायपुर। अमरकंटक एक्सप्रेस से भोपाल से रायपुर लाई गई करीब 500 किलो पैक्ड पनीर की खेप को लेकर उठे संदेह के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच पूरी हो गई है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में पनीर को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह खेप पूरी तरह सुरक्षित है और इसे 'मानकों के अनुरूप' श्रेणी में रखा गया है।
बुधवार सुबह रायपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची पनीर की खेप को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोक लिया गया था। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नमूने एकत्र किए और परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। रिपोर्ट आने तक पूरी खेप सुरक्षित रखी गई थी।
खाद्य विश्लेषण के बाद जारी रिपोर्ट में पनीर की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों के अनुसार नमूना सभी निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरा है। इसके बाद विभाग ने साफ कर दिया कि जब्त की गई 500 किलो पनीर की खेप में किसी प्रकार की गुणवत्ता संबंधी कमी नहीं मिली।
विभाग ने बताया कि प्रदेशभर में पनीर की गुणवत्ता को लेकर लगातार निगरानी अभियान जारी है। विभिन्न स्थानों से नमूने लेकर उनकी जांच कराई जा रही है। जिन मामलों में गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हाल ही में रायपुर रेलवे स्टेशन और तिल्दा क्षेत्र से लिए गए कुछ अन्य पनीर नमूनों की जांच में गुणवत्ता संबंधी कमियां सामने आई थीं। ऐसे मामलों में संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं अमरकंटक एक्सप्रेस से आई 500 किलो पैक्ड पनीर की खेप जांच में पूरी तरह सुरक्षित पाई गई है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता का अंतिम निर्णय केवल प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर ही लिया जाता है। विभाग आगे भी नियमित सैंपलिंग और निरीक्षण जारी रखेगा ताकि उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और मानक गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद ही पहुंच सकें।