

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A delegation from the Bus Owners' Federation met Transport Minister Kedar Kashyap; detailed discussions were held on all key issues.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस संचालन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बस यात्रियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। बस ऑनर्स फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने आज परिवहन मंत्री केदार कश्यप से उनके निवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बस मालिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मांगों को लेकर मंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की।
फेडरेशन के अध्यक्ष अनिल पुसदकर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, एडीटीसी डी. रविशंकर सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में फेडरेशन के संरक्षक एवं नान के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, एसटीए मेंबर शैलेंद्र भदौरिया, सचिव भावेश दुबे, नवशरण गर्चा, अजय गिल, अभिनीत, अनुराग शुक्ला सहित फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
बैठक के दौरान बस मालिकों की ओर से अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को शासन के सामने रखा गया। फेडरेशन के मुताबिक, शासन और प्रशासन ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और प्रत्येक मुद्दे के तकनीकी पक्ष पर भी चर्चा की।
फेडरेशन का कहना है कि बैठक के दौरान बस मालिकों की ओर से रखी गई सभी प्रमुख मांगों पर शासन और प्रशासन की ओर से सकारात्मक सहमति जताई गई। अधिकारियों ने समस्याओं को समझने के साथ ही उनके समाधान को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया।
बैठक के बाद फेडरेशन ने शासन और प्रशासन के रुख को सकारात्मक और सहयोगात्मक बताया। फेडरेशन के अनुसार, सरकार के साथ हुई चर्चा सार्थक रही और बस मालिकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया गया।
फेडरेशन ने कहा कि जब शासन स्तर पर उनकी मांगों को लेकर सकारात्मक सहमति बन गई है, तो यात्रियों को परेशान करने वाला कोई कदम उठाने का सवाल ही नहीं है।
बस ऑनर्स फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि शासन से सकारात्मक बातचीत के बाद यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी। फेडरेशन के अनुसार, बस सेवाओं को प्रभावित करने या यात्रियों को परेशानी में डालने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जाएगा।
फेडरेशन ने यह भी कहा कि शासन से पूर्ण सहयोग मिलने के बावजूद यदि कोई असहयोग या हड़ताल की बात करता है, तो यह शासन से टकराव का संकेत होगा। फेडरेशन ऐसी किसी स्थिति के पक्ष में नहीं है।
बस मालिकों और सरकार के बीच हुई इस बैठक के बाद बस हड़ताल को लेकर चल रही भ्रामक खबरों पर भी विराम लग गया है। फेडरेशन ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि उनकी सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा और बस सेवाओं को बाधित करने वाला कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। फेडरेशन का कहना है कि शासन और प्रशासन के साथ संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान निकालना ही प्राथमिकता है।