

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Korba: Amidst claims of development, a 500-meter stretch of road has become a major ordeal for villagers; a video showing a pregnant woman being carried on a cot has gone viral.
कोरबा। कोरबा जिले में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के दावों के बीच वनांचल क्षेत्र की जमीनी हकीकत एक वायरल वीडियो के जरिए सामने आई है। कोरबा जनपद पंचायत के बरपाली गांव के राजाडाही में खराब सड़क के कारण एक गर्भवती महिला को ग्रामीण खाट पर लिटाकर कीचड़ भरे रास्ते से ले जाते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद गांव की बदहाल सड़क व्यवस्था और ग्रामीणों की परेशानियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जंगलों के बीच बसे राजाडाही गांव में 600 से अधिक लोग निवास करते हैं। गांव में आंगनबाड़ी केंद्र से बस्ती पारा तक करीब 500 मीटर का रास्ता बेहद खराब स्थिति में है। बारिश के मौसम में इस कच्चे रास्ते पर बड़े-बड़े गड्ढों के साथ घुटनों तक कीचड़ जमा हो जाता है।
इसी रास्ते से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को रोजाना आवागमन करना पड़ता है। बारिश शुरू होते ही यह रास्ता ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार, खराब सड़क का सबसे ज्यादा असर आपात स्थिति में देखने को मिलता है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भारी परेशानी होती है।
सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में परिजनों और ग्रामीणों को मरीज को खाट पर लिटाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। वायरल वीडियो में भी एक गर्भवती महिला को इसी तरह खाट पर ले जाते हुए देखा जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र से बस्ती पारा तक 500 मीटर सीसी रोड बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। वर्तमान सरपंच और ग्रामीणों के मुताबिक, इस समस्या को लेकर जनपद पंचायत, पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है।
ग्रामीणों ने जनदर्शन और समाधान शिविर में भी आवेदन देकर सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन उनके अनुसार अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का दावा है कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार मीडिया में खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके बावजूद राजाडाही की सड़क की स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया।
ग्रामीणों का कहना है कि महज 500 मीटर सीसी रोड बन जाने से गांव की एक बड़ी समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है और बारिश के दिनों में मरीजों तथा गर्भवती महिलाओं को खाट पर ले जाने की मजबूरी भी खत्म हो सकती है।
सड़क की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने एक बार फिर जनदर्शन में कलेक्टर से सड़क निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी वर्षों पुरानी मांग पर प्रशासन गंभीरता से संज्ञान लेगा और जल्द सड़क निर्माण की दिशा में कदम उठाएगा।