

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A healthy Chhattisgarh will pave the way for a developed state: Chief Minister Sai; performs groundbreaking ceremony for health projects worth ₹103 crore.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत की स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि "स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की आधारशिला है।" उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर में 200 सीटर आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन के विस्तार और चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से मरीजों, मेडिकल विद्यार्थियों और स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछली बार मेडिकल कॉलेज के दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास निर्माण की मांग रखी थी। सरकार ने इस मांग को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना और आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार नई परियोजनाएं शुरू हो रही हैं। उन्होंने बताया कि डीएम कार्डियक कोर्स की स्वीकृति सहित कई स्वास्थ्य परियोजनाओं को केंद्र से मंजूरी मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में छत्तीसगढ़ को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद) की भी सौगात मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल विद्यार्थियों से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी सेवाएं देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की ओर बढ़ रहा है और वहां बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहकर पूरे प्रदेश की सेवा करने का संकल्प लेने की अपील की।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ये परियोजनाएं चिकित्सा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव हो रहा है। उन्होंने बताया कि पांच नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति, नर्सिंग और फिजियोथेरेपी कॉलेजों का विस्तार तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जगदलपुर में जल्द ही प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा हार्ट सेंटर भी स्थापित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पहली परियोजना के तहत 200 सीटर आधुनिक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। दूसरी परियोजना में कैंसर भवन का द्वितीय से छठे तल तक विस्तार होगा, जहां अत्याधुनिक लैब, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और 64-64 बिस्तरों वाले वार्ड विकसित किए जाएंगे। वहीं तीसरी परियोजना के तहत छात्राओं के लिए आधुनिक छात्रावास का विस्तार किया जाएगा, जिसमें अतिरिक्त कमरे, डॉरमेट्री, लाइब्रेरी और रिक्रिएशन हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, सीजीएमएससी के चेयरमैन दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी, अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, मेडिकल विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।