

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A leopard entered a house and snatched away a goat kept for a ritual offering—two brothers fought it off and rescued the animal.
गरियाबंद। पांडुका वन परिक्षेत्र के तौरेंगा गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। देव पूजा के लिए घर के अंदर खूंटी से बांधकर रखे गए बकरे को तेंदुआ दरवाजे के छोटे छेद से घसीटकर बाहर ले गया। वह बकरे को घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में ले जाकर खाने लगा। इसी दौरान घर में रहने वाले दो भाइयों ने तेंदुए से बकरे को छुड़ाने की कोशिश की। काफी देर तक चली खींचतान के बाद तेंदुए ने बकरे को छोड़ दिया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गांव के भीखम ध्रुव और उनके भाई चुम्मन ध्रुव के परिवार के लोग गुरुवार सुबह करीब पांच बजे उठे। घर के मुख्य दरवाजे के पास खून के धब्बे और जमीन पर घसीटे जाने के निशान देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। जब उन्होंने खूंटी की ओर देखा तो वहां देव पूजा के लिए बांधा गया बकरा गायब था।दोनों भाइयों ने आसपास तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उन्हें घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में तेंदुआ दिखाई दिया। वह बकरे को दबोचकर खा रहा था।
दोनों भाई बकरे को वापस लाने के लिए तेंदुए के पास पहुंचे और उसके पैर पकड़कर खींचने लगे। दूसरी ओर तेंदुआ बकरे को अपने जबड़े में दबाए बैठा रहा। दोनों तरफ से खींचतान के दौरान तेंदुए ने जोरदार गुर्राहट भी की। इसके बावजूद भाइयों ने हिम्मत नहीं छोड़ी। आखिरकार तेंदुए ने बकरे पर अपनी पकड़ ढीली कर दी और झाड़ियों में छिप गया। इसके बाद दोनों भाई बकरे का शव लेकर घर लौट आए।
ग्रामीणों के मुताबिक, तौरेंगा गांव में तेंदुए की आवाजाही पहले भी होती रही है। जंगल से सटा होने के कारण इस इलाके में वन्यजीव अक्सर दिखाई देते है। तेंदुए पहले भी पालतू मवेशियों और कुत्तों को शिकार बना चुके है।ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों का दायरा घटने और अवैध कटाई के चलते वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ रहे है। इसके अलावा खेतों और बाड़ियों के आसपास उगी घनी झाड़ियां तेंदुओं को छिपने के लिए सुरक्षित जगह उपलब्ध करा रही है। ग्रामीणों ने समय रहते वन विभाग से जरूरी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
बकरे की मौत के कारण परिवार का देव पूजा अनुष्ठान भी अटक गया है। भीखम और चुम्मन ने वन विभाग से उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि मुआवजा मिलने पर वे दूसरा बकरा खरीदकर पूजा संपन्न करा सकेंगे।घटना की सूचना मिलने पर संबंधित बीट गार्ड मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वनकर्मी ने प्रकरण तैयार करने की बात कही है।