

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A major RSS meeting will be held in Samalkha, with 1,487 delegates from across the country.
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की RSS अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा बैठक 13 से 15 मार्च तक हरियाणा के समालखा स्थित माधव सृष्टि परिसर में आयोजित होगी। तीन दिनों तक चलने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में देशभर से संघ और संघ प्रेरित संगठनों के कुल 1487 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इस बारे में जानकारी संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि यह बैठक संघ की निर्णय लेने वाली सबसे बड़ी इकाई मानी जाती है, जहां संगठन से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा और फैसले लिए जाते हैं।
शीर्ष नेतृत्व रहेगा मौजूद
बैठक का शुभारंभ 13 मार्च को सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति में होगा। इसमें संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों और प्रांतों के संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक और संघ से प्रेरित 32 संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी भी भाग लेंगे।
इस वर्ष संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम पूरे देश में चल रहे हैं। ऐसे में RSS अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा बैठक में इन कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
शताब्दी वर्ष और सामाजिक मुद्दों पर होगा मंथन
संघ के शताब्दी वर्ष के तहत अब तक देशभर में गृह संपर्क अभियान के जरिए 10 करोड़ से अधिक घरों तक पहुंच बनाई जा चुकी है। जिन क्षेत्रों में यह अभियान पूरा नहीं हुआ है, वहां इसे आगे जारी रखा जाएगा।
इसके अलावा संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों पर भी विचार किया जाएगा। यह कार्यक्रम 1 फरवरी से शुरू होकर अगले वर्ष 20 फरवरी तक देशभर में आयोजित किए जाएंगे।
संगठन विस्तार और प्रशिक्षण कार्यक्रम
बैठक में संगठन विस्तार पर भी चर्चा होगी। पिछले एक साल में देशभर में 5500 से अधिक नई शाखाएं शुरू हुई हैं। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से हर साल करीब 1.25 लाख लोग संघ से जुड़ने की इच्छा जता रहे हैं। संघ के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी इस वर्ष बड़े स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। देशभर में कुल 97 प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने की योजना है।