

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: A major step towards making Chhattisgarh an IT and innovation hub, MoU signed between the state government and STPI
रायपुर। छत्तीसगढ़ को ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
आईटी और इमरजिंग टेक्नोलॉजी के लिए उभरता छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध छत्तीसगढ़ अब ज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। आधुनिक अधोसंरचना, प्रभावी ई-गवर्नेंस प्रणाली और निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण राज्य आईटी, आईटीईएस और इमरजिंग टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्य बनकर उभर रहा है।
सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप और ESDD सेंटर की होगी स्थापना
इस एमओयू के तहत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित मेडटेक, स्मार्ट सिटी समाधान और स्मार्ट कृषि जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों में नवाचार और स्टार्ट-अप को बढ़ावा मिलेगा।

हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को मिलेगा संबल
अत्याधुनिक ESDD सेंटर के माध्यम से हर वर्ष लगभग 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, कौशल विकास और क्षमता निर्माण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
युवाओं को मिलेगा राज्य में ही विश्वस्तरीय अवसर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को राज्य के भीतर ही इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग और आधुनिक प्रयोगशालाओं की सुविधाएं मिलेंगी। इससे प्रतिभाशाली युवाओं का बड़े शहरों की ओर पलायन रुकेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार व उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा।

एसटीपीआई का अनुभव देगा नई ऊंचाई
मुख्यमंत्री ने एसटीपीआई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्था के सहयोग को अहम बताते हुए कहा कि देशभर में 68 केंद्रों और 24 सेक्टर-विशेष सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से एसटीपीआई का व्यापक अनुभव छत्तीसगढ़ के स्टार्ट-अप और नवाचार इकोसिस्टम को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा एमओयू
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह एमओयू राज्य के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और छत्तीसगढ़ को डिजिटल नवाचार, तकनीकी उद्यमिता और स्टार्ट-अप के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, एसटीपीआई के निदेशक रवि वर्मा, चिप्स के सीईओ प्रभात मलिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।